ईंधन के संदिग्ध कारोबार का भंडाफोड़, 12 हजार लीटर पेट्रोल सहित बड़ी मात्रा में केमिकल बरामद
संयुक्त छापेमारी में टैंकर, मिश्रित ईंधन और एथेनॉल जब्त, चार लोगों से पूछताछ जारी


लखनऊ। मलिहाबाद के सन्यासी बाग क्षेत्र में रविवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने संदिग्ध ईंधन कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पेट्रोल और रसायन बरामद किए। छापेमारी के दौरान एचपी कंपनी का करीब 12 हजार लीटर पेट्रोल से भरा टैंकर, लगभग 1200 लीटर संदिग्ध मिश्रित ईंधन, एथेनॉल तथा करीब 150 लीटर सॉल्वेंट केमिकल जब्त किए गए। अधिकारियों को आशंका है कि इन रसायनों का उपयोग पेट्रोल में मिलावट के लिए किया जा रहा था। हालांकि इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी।
संयुक्त टीम ने परिसर की गहन तलाशी के दौरान एक मकान से गैलनों में रखा मिश्रित ईंधन भी बरामद किया। मौके पर मौजूद सभी सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेट्रोल कहां से लाया गया और इसे किन स्थानों पर आपूर्ति किया जाना था।
कार्रवाई के दौरान सन्यासी बाग निवासी अनिल कुमार, काकोरी निवासी अभिषेक, हरदोई निवासी टैंकर चालक राम तीरथ और उन्नाव निवासी धीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई विधानसभा मार्ग स्थित शुभम पेट्रोल पंप से मिली सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी में आपूर्ति विभाग, मलिहाबाद पुलिस, सीपी क्राइम टीम और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
मलिहाबाद कार्यवाह इंस्पेक्टर सुरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामला मुख्य रूप से अन्य विभागों के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा है। रिपोर्ट जिलाधिकारी की संस्तुति के लिए भेजी गई है। उनकी अनुमति मिलने के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल बरामद पेट्रोल और रसायनों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।