खराब खड़े ट्रक से टकराई डीसीएम, चालक की इलाज के दौरान मौत
लखनऊ। हरदोई रोड स्थित कुशमौरा मोड़ के पास गुरुवार देर रात सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से पीछे से डीसीएम टकरा गई। भीषण हादसे में डीसीएम का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामपुर जिले के मसिढ़ा रतन निवासी अरुण यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से डीसीएम चालक था। गुरुवार को वह डीसीएम में माल लादकर संडीला से सुल्तानपुर जा रहा था। रात करीब 12 बजे काकोरी क्षेत्र के कुशमौरा मोड़ के पास हरदोई रोड पर सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से उसकी डीसीएम पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में फंस गया। राहगीरों की सूचना पर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू उपकरणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त केबिन को काटा और गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल एरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक और डीसीएम को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। मृतक अरुण अविवाहित था। परिवार में दो भाई हैं। उसके पिता हीरालाल भी डीसीएम चालक हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे खराब खड़ा ट्रक सुरक्षा मानकों के अनुरूप खड़ा किया गया था या नहीं।