घर से अगवा कर चार वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार देर रात घर में सो रही चार वर्षीय बच्ची को एक युवक अगवा कर जंगल ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मां की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना रहीमाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बृहस्पतिवार देर रात बच्ची अपने परिवार के साथ सो रही थी। इसी दौरान उसकी मां शौच के लिए घर के बाहर खेतों की ओर गई थी। मां की गैरमौजूदगी में आरोपी ने बच्ची को अगवा कर लिया।
जब मां वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि उनकी चार वर्षीय बेटी बिस्तर पर नहीं थी। परिजनों ने तुरंत बच्ची की तलाश शुरू की और न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि उमरावल निवासी अमित रजनीश उर्फ कृष्णा नाम का युवक घर के आसपास घूम रहा था, जिससे उस पर शक गहराया।
कई घंटों की तलाश के बाद बच्ची गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में सड़क किनारे आरोपी के साथ मिली। पुलिस ने तत्काल आरोपी अमित रजनीश उर्फ कृष्णा को गिरफ्तार कर बच्ची को बरामद कर लिया। मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी उत्तरी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास के लोगों से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ माल और रहीमाबाद थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
