कटौली में मिले अज्ञात शव की हुई पहचान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के ग्राम कटौली स्थित खेल मैदान के पास सड़क किनारे 7 जुलाई को मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान मस्तराम पुत्र गुरुचरण, निवासी ग्राम कटौली, थाना दुबग्गा के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई को ग्राम प्रधान कटौली ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के खेल मैदान के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उस समय सफलता नहीं मिली। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया था। साथ ही पहचान के लिए आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा था। बाद में जांच के दौरान पता चला कि मस्तराम 5 जुलाई 2026 से अपने घर से लापता था। शुक्रवार को परिजन मर्चरी पहुंचे, जहां मृतक के हाथ पर गुदे नाम और शरीर पर मौजूद चोट के निशानों के आधार पर उसकी पहचान की गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मस्तराम की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे फेंका गया है। उनका कहना है कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।