तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मासूम की मौत
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बादशाह खेड़ा, आलमनगर निवासी सुरेश सिंह चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया 24 जून 2026 की रात अपनी पुत्रवधू सरिता सिंह और तीन वर्षीय पोते युवराज के साथ एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 10:40 बजे सड़क पार करते समय तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम युवराज उछलकर डिवाइडर के दूसरी ओर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सरिता सिंह वाहन के बोनट पर जा गिरीं तथा सुरेश सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उपचार के बाद सुरेश सिंह चौहान ने पारा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चालक तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था तथा दुर्घटना के बाद बिना रुके मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।