शातिर चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी किए पार

0

दो दिन में कई घरों को बनाया निशाना, ग्रामीणों में दहशत; पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के भुलसी गांव में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया और मलिहाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
भुलसी गांव निवासी शिवनन्दन ने बताया कि बीती रात परिवार के साथ सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस आए और सोने का हार, दो जोड़ी सोने के टप, नाक के बुंदे, चांदी की छह जोड़ी बिछिया, पायजेब, दो जोड़ी पायल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और दस हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जागने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी गया सामान और चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
ग्राम प्रधान अजय ने बताया कि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सोमवार रात भी तेज कुमार के घर से हजारों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। वहीं, पड़ोस में नहक्के और मोहनलाल के घरों में भी चोर छत के रास्ते घुस गए थे, लेकिन आहट होने पर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस संबंध में मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *