खेत में किसान को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाते समय मौत

0

रहीमाबाद के अंटाखेड़ा गांव की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के अंटाखेड़ा गांव में जहरीले सांप के डसने से एक किसान की मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब किसान खेत में जानवरों के लिए घास काट रहा था। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, अंटाखेड़ा निवासी राम सहाय (65) रविवार शाम गांव के बाहर स्थित अपने धान के खेत की मेड़ पर घास काट रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जहरीले सांप ने उनके दाहिने हाथ में डस लिया। राम सहाय के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। बेटा राजेश कुमार उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोमवार को सूचना मिलने पर रहीमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राम सहाय खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी फूलमती तथा तीन बेटे राजेश कुमार, सुशील कुमार और सुजीत कुमार हैं। उनकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है।
इस संबंध में रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसान की मौत सांप के डसने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *