सीएनजी गैस सिलेंडरों से लदा डीसीएम बाइक को मारी टक्कर, करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा
लखनऊ। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात बड़ा हादसा होते होते बच गया। हुआ यह कि सीएनजी गैस सिलेंडरों से लदा एक तेज रफ्तार डीसीएम बाइक को टक्कर मारने के बाद करीब दो किलोमीटर तक घसीटता रहा। इस दौरान बाइक सड़क पर घिसटती रही और उससे लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। खतरे की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने डीसीएम का पीछा कर कड़ी मशक्कत के बाद उसे दरोगा खेड़ा के आगे रुकवाकर डीसीएम चालक को डीसीएम सहित सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। बंथरा थाना क्षेत्र के सैदपुर पुरही निवासी शिवांश मिश्रा के मुताबिक वह हजरतगंज स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। शिवांश का कहना है कि शनिवार रात वह ड्यूटी से लौट रहे थे। तभी रात करीब 10 बजे सरोजनीनगर में कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया चौराहे के पास पानी पीने के लिए रुके। बाइक की बैग से बोतल निकाल कर पानी पीने के बाद जब बोतल बैग में रखने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे डीसीएम (यूपी-32 टीएन 9240) ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक डीसीएम के अगले हिस्से में फंस गई, जबकि शिवांश सड़क किनारे गिर गया और बाल-बाल बच गया। लेकिन घटना के बाद भी डीसीएम चालक ने वाहन नहीं रोका। बाइक डीसीएम में फंसी रही और वह तेज गति में डीसीएम लेकर बंथरा की ओर भागता रहा। इस दौरान पीछे चल रही जीप पर सवार ट्रैफिक पुलिस कर्मी लगातार उसे गाड़ी रोकने का इशारा करते रहे।लेकिन चालक नहीं रुका। बाइक से उठ रही चिंगारियों के कारण डीसीएम में लदे सीएनजी सिलेंडरों में आग लगने की आशंका को लेकर आखिरकार ट्रैफिक पुलिस ने आगे अपनी जीप लगाकर डीसीएम को रुकवाया। पुलिस के मुताबिक उस दौरान डीसीएम चालक काफी नशे की हालत में मिला। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर चालक को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि डीसीएम चालक ने अपना नाम उन्नाव जिले के सोहरामऊ थानान्तर्गत आशाखेड़ा निवासी सज्जन बताया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
