डीजीपी ने सेवानिवृत्त अफसरों को किया सम्मानित
लखनऊ। प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने मंगलवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी राजीव मल्होत्रा,आईजी और गिरिजेश कुमार पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पुलिस मुख्यालय में एक विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। डीजीपी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने अनुभव, व्यक्तित्व और कार्यशैली से पुलिस संगठन को समृद्ध करता है। यूपी पुलिस की उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाने में सेवानिवृत्त अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सफल भावी जीवन की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की, कि उनके अनुभव नई पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। इस मौके पर बीके सिंह डीजी सीआईडी/साइबर क्राइम, जीके गोस्वामी, निदेशक, उप्र स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस लखनऊ, अखिलेश निगम,आईजी सीआईडी और पुलिस मुख्यालय में तैनात कई वरिष्ठ अफसर मौजूद रहे।
अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए गए महत्वपूर्ण एवं स्मरणीय क्षणों को साझा किया गया साथ ही दोनों अधिकारियों के योगदान के लिए उनके सेवानिवृत्ति बाद सुखद, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की गई। राजीव मल्होत्रा आईजी/अपर निदेशक, उप्र स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस और गिरिजेश कुमार एसपी अपराध अनुसंधान विभाग उप्र के पद पर तैनात थे।


