अधिवक्ता पर जानलेवा हमला

0

लखनऊ । सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में शहीद पथ पर एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला किया गया।हमलावरों ने लाठी-डंडों से गाड़ी पर वार किया और पिस्टल से फायर भी झोंका।पीड़ित अधिवक्ता आदर्श सिंह की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंदिरा नगर निवासी अधिवक्ता आदर्श सिंह पुत्र रणधीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम 7:10 बजे वह अपने चैंबर ओमेक्स हजरतगंज से शहीद पथ की ओर जा रहे थे।तभी एमआर गेट नंबर-सी के पास एक सफेद रंग के डाले ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
डाले से डंडा लेकर उतरे एक युवक ने उन्हें कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर डाले में बैठे तीन अन्य युवक भी उतर आए और जान से मारने की नीयत से कार पर डंडों से हमला कर दिया। आदर्श सिंह के अनुसार उन्होंने कार बैक कर भागने की कोशिश की तो पीछे से एक सफेद रंग की ऑरा कार ने घेर लिया।ऑरा कार से आदित्य नाम का युवक पिस्टल लेकर उतरा और फायर कर दी।गनीमत रही कि अधिवक्ता झुक गए जिससे उनकी जान बच गई।
आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर डाले से पीछा करते रहे और गाली-गलौज लाठी-डंडों से कार पर वार और फायरिंग करते रहे। हमलावर लगातार बचने न पाए की धमकी दे रहे थे।
पीड़ित अधिवक्ता ने तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह आदित्य सिंह पुत्र सषेन्द्र बहादुर सिंह अमित देवपाल गुलशाद अहमद और आदित्य विक्रम सिंह पुत्र विनय कुमार सिंह उनके चैंबर पर आए थे।सभी एक नए मुकदमे में पैरवी न करने का दबाव बना रहे थे। कहासुनी होने पर बिल्डिंग के गार्ड ने आरोपियों के आधार कार्ड और वीडियो बनाकर उन्हें बाहर निकाल दिया था।
आदर्श सिंह का आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपियों ने जान से मारने का प्रयास किया।
पीड़ित की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आदित्य सिंह अमित देवपाल गुलशाद अहमद, आदित्य विक्रम सिंह समेत 5 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला बलवा और आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।बिल्डिंग के गार्ड से मिले वीडियो और आधार कार्ड के आधार पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *