घैला पुल पर दर्दनाक हादसा: नहाने गया छात्र गोमती में डूबा, 24 घंटे बाद मिला शव

0

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र स्थित घैला पुल के पास गोमती नदी में नहाने गए 12 वर्षीय छात्र शैफ का शव हादसे के करीब 24 घंटे बाद रविवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर सोनू ,रामलखन और मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार चले सर्च अभियान के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, शैफ (12) पुत्र वशीम मूल रूप से सीतापुर जिले के बिसवां का निवासी था। उसका परिवार बसंतकुंज कॉलोनी सेक्टर-एच में रहता है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ घैला पुल के पास गोमती नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

करीब तीन बजे उसके दोस्त नैतिक ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश शुरू की गई। देर शाम तक सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ को बुलाया गया, जिसने रातभर और रविवार को भी सर्च अभियान जारी रखा।

लगातार करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि एसडीआरएफ, मड़ियांव पुलिस और स्थानीय गोताखोरों के संयुक्त अभियान के दौरान छात्र का शव बरामद कर लिया गया। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *