धान की सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत
लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के जोशिन टोला मोहल्ले में मंगलवार देर रात धान के खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, जोशिन टोला निवासी पुतानी रावत (45) मंगलवार देर रात पड़ोस के एक निजी ट्यूबवेल से अपने धान के खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के खुले तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद परिजनों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसान की करंट से मौत से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे पत्नी पदमा, पुत्र दीपांशु व दीपक तथा पुत्रियां प्रीति, रीता, अनीता और निशा को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
