दहेज विवाद में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे चले, सात लोग घायल
लखनऊ। दहेज विवाद को लेकर मंगलवार को रहीमाबाद थाना क्षेत्र के अहमदाबाद कटौली गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में दोनों ओर से कुल सात लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसआई करन सिंह के अनुसार, दुबग्गा निवासी मोहम्मद नफीस ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी एमन का विवाह 4 मई को अहमदाबाद कटौली निवासी इमरान के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ससुराल पक्ष दहेज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था। 28 मई को इसी बात को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई। मंगलवार को इमरान और उसकी मां ने फोन कर समझौते के लिए बुलाया। आरोप है कि जब वह अपने बेटे के साथ गांव पहुंचे तो ससुराल पक्ष तथा मोहल्ले के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद शफी का आरोप है कि मंगलवार को बहू एमन के पिता मोहम्मद नफीस अपने भाई समेत आधा दर्जन लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इस संबंध में इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
