‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, मलिहाबाद और रहीमाबाद में हुआ व्यापक वृक्षारोपण



लखनऊ। प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को मलिहाबाद और रहीमाबाद क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाना और लोगों को अपनी मां की स्मृति में पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
मलिहाबाद क्षेत्र में सीएचसी परिसर एवं सेंधरवा गांव में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, एसडीएम अंकित कुमार, तहसीलदार तथा वन विभाग की टीम ने बरगद, पीपल और सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस अवसर पर एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान और उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
मलिहाबाद वन रेंजर आलोक तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो प्रदेश को हराभरा बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इसी क्रम में रहीमाबाद थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार त्रिगुणायक के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बरगद, पीपल, सहजन, अमरूद और जामुन के पौधे लगाए गए। इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने गांव और मोहल्लों में अपनी मां की स्मृति में अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक करन सिंह, उमेश यादव, अनिल वर्मा, राणा प्रताप, अनुरुद्ध मिश्रा, रविंद्र सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, पर्यावरण प्रेमी, और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।