बातों में उलझाकर महिला की सोने की चेन लूटने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद
लखनऊ। मलिहाबाद थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला के गले से सोने की चेन लूटने की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 10 ग्राम वजनी लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 28 जून को पीड़िता संगीता यादव ने मलिहाबाद थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह ई-रिक्शा से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान तीन महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उनके गले से सोने की चेन काट ली और फरार हो गईं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को बड़ीगढ़ी मोड़, मोहान तिराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्ताओं ने वारदात स्वीकार कर ली।
महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्ता भुल्ली देवी के कब्जे से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि उन्होंने ई-रिक्शा में महिला को निशाना बनाकर पहले बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही चेन काट ली। घटना के बाद शोर मचने पर उन्होंने कपड़े बदल लिए और मजदूर बनकर आम के बागों में छिप गईं, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान भुल्ली देवी (50), निवासी सरही चमरोठी पठनटोला, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीर नगर, निशा (30) तथा संजू उर्फ राजकुमारी (30), दोनों निवासी ग्राम लेढ़या, पोस्ट धमैचा, थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार भुल्ली देवी के विरुद्ध जनपद बस्ती में पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
